ede3854855f6a571874fb1b7787c57b8
देश के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में चुनावी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सत्ता के गलियारों में राजनीतिक शोर गूंजना शुरू हो गया है। सूबे की जनता हर दल का हिसाब किताब समझने की कोशिश कर रही है तो सियासी पार्टियां भी अपनी अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुके हैं। इन सब के बीच चुनावों से पहले ही उत्तर प्रदेश की सियासत में ईवीएम का ‘जिन्न’ निकल आया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अभी से ईवीएम पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश का चुनाव देश का सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा है। बिहार के चुनाव में बेईमानी EVM और DM ने की, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता ने जवाब दिया। हमें इस बार EVM और DM से सावधान रहना होगा।’
अखिलेश यादव ने बोला बीजेपी पर हमला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘इस सरकार (बीजेपी सरकार) का सफाया हो जाएगा। इसने हर व्यक्ति का अपमान किया है और इसने पहले की किसी भी सरकार की तुलना में अधिक झूठ बोला है। ऐसा लगता है कि बीजेपी झूठ का ट्रेनिंग सेंटर चला रही है। जनता को गुमराह करने के लिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं।’
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों से ईवीएम को लेकर लगातार सवाल उठते आ रहे हैं। खासकर भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ईवीएम विवादों में रही है। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव हो, हर चुनाव में हारने वाली पार्टी की ओर से सारा ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा जाता है। बहरहाल, उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले अब ईवीएम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं और इसकी शुरुआत अखिलेश यादव ने की है।
चुनावी तैयारियों में जोर शोर से लगी समाजवादी पार्टी
अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी फिलहाल विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जोर शोर से लगी हुई है। समाजवादी पार्ट ने विधानसभा चुनाव के लिए अभी किसी भी बड़े दल से गठबंधन नहीं किया है, लेकिन वह छोटे छोटे दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव में उतरने की घोषणा कर चुकी है। हाल ही में अखिलेश यादव ने 2022 के विधानसभा चुनावों में 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं, जिन पर अगले साल चुनाव होंगे।